दशहरा पर्व को लेकर पुलिस सतर्क, एंटी रोमियो दलों ने चलाया जाँच अभियान

महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति किया जागरूक

शाहजहांपुर। दशहरा पर्व के मद्देनजर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए शाहजहांपुर पुलिस ने विशेष जाँच एवं जनजागरूकता अभियान चलाया। मिशन शक्ति चरण-6.0 के अंतर्गत मंगलवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सभी थानों के एंटी रोमियो दलों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाते हुए मंदिरों, विद्यालयों के आसपास और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी की।अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों की जाँच की गई। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें बताया कि छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार अथवा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि का सामना करने पर वे बिना किसी भय या संकोच के पुलिस को सूचना दें।जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को वूमेन पावर लाइन 1090, महिला सहायता हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा बाल सहायता हेल्पलाइन 1098 के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस ने इन सेवाओं का आवश्यकता पड़ने पर उपयोग करने की अपील भी की।दशहरा पर्व के अवसर पर मंदिरों, मेला स्थलों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क है। एंटी रोमियो दलों को नियमित गश्त और जाँच जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके और वे बिना किसी भय के पर्व में शामिल हो सकें।



