राजनीति

शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर सपा ने कसी कमर, बरेली-मुरादाबाद मंडल में दो प्रभारी नियुक्त

शाहजहांपुर। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर गुलाम हसन और मो. मुतय्यब को चुनाव संचालन एवं अभियान प्रबंधन के लिए मंडल प्रभारी नियुक्त किया गया है। दोनों प्रभारियों ने मंगलवार, 30 सितंबर को शाहजहांपुर पहुंचकर सपा जिला कार्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन किया।बिजलीपुरा स्थित सपा जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन तनवीर खान के नेतृत्व में दोनों प्रभारियों का स्वागत किया गया। इस दौरान शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।बैठक में 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान को लेकर मतदाता सूची के सत्यापन, शिक्षक मतदाताओं से संपर्क और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई। प्रभारी गुलाम हसन ने कार्यकर्ताओं से चुनाव अभियान में पूरी मजबूती के साथ जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षक एमएलसी चुनाव बैलेट पेपर से होगा, इसलिए बूथ प्रभारियों को मतदाता सूची का गंभीरता से अध्ययन करना चाहिए और मतदान के दौरान किसी भी अनियमितता की स्थिति में नियमानुसार आपत्ति दर्ज करानी चाहिए।मो. मुतय्यब ने भी कार्यकर्ताओं से मतदाता सूचियों की जांच पूरी करने को कहा, ताकि मतदान के दिन किसी शिक्षक मतदाता को परेशानी का सामना न करना पड़े।सपा प्रत्याशी हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर ने कहा कि शिक्षकों की कलम में बड़ी ताकत है और उनके अधिकारों की आवाज सदन में मजबूती से उठाने की जरूरत है। उन्होंने शिक्षकों से 23 अक्टूबर को मतदान में भाग लेने की अपील की।बैठक में पार्टी नेताओं ने शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। सपा नेताओं ने कहा कि पार्टी शिक्षकों की पुरानी पेंशन, मानदेय से जुड़ी समस्याओं और रिक्त पदों पर भर्ती जैसे मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कहती रही है।जिला अध्यक्ष तनवीर खान ने कहा कि समाज में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है और उनके अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा जरूरी है।इस अवसर पर पूर्व मंत्री अवधेश कुमार वर्मा, पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा, अनवर अली, सैयद रिजवान अहमद, चौधरी रामकुमार भोजवाल, गायत्री वर्मा, जितेंद्र प्रसाद गौतम, जितेंद्र श्रीवास्तव, सूरजपाल सिंह यादव, संदीप यादव, डॉ. जितेंद्र वर्मा, अतिउल्ला सिद्दीकी, मुनेंद्र पाल सिंह यादव, डॉ. दोदराम वर्मा, शाकिर अली खान, अशोक यादव, मनोज यादव, छात्र सभा जिलाध्यक्ष प्रसून कुमार कनौजिया समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button