शाहजहांपुर। छात्र हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस ने शुकदेवानंद विश्वविद्यालय के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष राम जी अवस्थी एडवोकेट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने धरना देकर विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष छात्रों की समस्याएं उठाईं।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सेमेस्टर फीस, छात्रवृत्ति फॉर्म, छात्रावास की व्यवस्था, शिक्षकों की कमी, गर्ल्स कॉमन रूम, शौचालय, पेयजल और बिजली जैसी सुविधाओं से संबंधित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
युवा कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए हैं। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन विश्वविद्यालय के कुलसचिव वी.के. मौर्या को सौंपा।
युवा कांग्रेस ने कहा कि यदि छात्रों की मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे और व्यापक किया जाएगा। अब विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इन मांगों पर क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
#Shahjahanpur #YouthCongress #SNUniversity #StudentIssues
