शिक्षक एमएलसी चुनाव: एसपी-डीएम ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, सुरक्षा निर्देश जारी किए

शाहजहाँपुर (उ.प्र.), 23 अक्टूबर
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारू मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने जिलाधिकारी (डीएम) के साथ गुरुवार को जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी सौरभ दीक्षित ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और चुनाव तैयारियों का जायजा लिया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता से दायित्व निभाने तथा निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मतदान केंद्रों पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखी जाए तथा मतदाताओं के साथ विनम्र व सहयोगी व्यवहार रखा जाए। उन्होंने मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति में वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर तत्काल कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस बात पर भी जोर दिया गया कि मतदान केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न जुटने दी जाए तथा सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय बना रहे। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए है।




