घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की गोली मारकर की हत्या

सुबह मायके से ससुराल लौटी थी रेश्मा, दोपहर में पति से हुआ विवाद
शाहजहांपुर। थाना निगोही क्षेत्र के त्रिलोकपुरी गांव में मंगलवार को पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद हत्या की वजह बन गया। आरोप है कि पति ने अपनी पत्नी को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया।मृतका की पहचान 22 वर्षीय रेश्मा के रूप में हुई है। उसका मायका निगोही क्षेत्र के चौड़ेरा गांव में है। करीब तीन वर्ष पहले उसकी शादी त्रिलोकपुरी निवासी शिवम के साथ हुई थी। बताया जाता है कि दोनों के बीच काफी समय से अनबन चल रही थी। मंगलवार सुबह ही रेश्मा मायके से अपने ससुराल पहुंची थी।दोपहर करीब एक बजे घर में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली लगने से रेश्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जहां परिजनों में कोहराम मच गया।जानकारी मिलने पर सीओ सदर शुभम वर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, आरोपी पति शिवम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। मामूली कहासुनी के बाद पति ने पत्नी को गोली मार दी। आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की जांच की जा रही है।



