काली पट्टी बांधकर NHM संविदा कर्मियों ने जताया विरोध, आंदोलन की शुरुआत

प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर जिलेभर के स्वास्थ्य केंद्रों में कर्मचारियों ने किया सांकेतिक प्रदर्शन
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) संविदा कर्मचारी संघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को जिलेभर में संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। प्रस्तावित आंदोलन और कार्य बहिष्कार की रणनीति के तहत यह प्रदर्शन आंदोलन के पहले चरण के रूप में किया गया।जिले के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC), जिला अस्पताल, शहरी स्वास्थ्य केंद्रों, राजकीय टीबी क्लीनिक और मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय समेत अन्य स्वास्थ्य इकाइयों में कर्मचारियों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर अपनी नाराजगी जाहिर की। कर्मचारियों ने प्रांतीय संगठन के निर्देशों के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से अपनी एकजुटता प्रदर्शित की।
पदाधिकारियों ने संभाली आंदोलन की कमान
कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष अजीत सिंह के नेतृत्व में जिला मंत्री डॉ. प्रशांत सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहम्मद रईस, शहरी संघ अध्यक्ष पंकज अग्निहोत्री, मंत्री शमशुद्दीन समेत अन्य पदाधिकारियों ने विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों में कर्मचारियों से समन्वय स्थापित किया। पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर संगठन की एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया।
जिलेभर में दिखाई दी कर्मचारियों की एकजुटता
प्रदर्शन में विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात NHM कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान डीपीएम पुष्पराज गौतम, डीआईसी मैनेजर संतोष सिंह, अर्बन कोऑर्डिनेटर पुनीष कुमार, अजीत कुमार, जुनैद, अनुपम समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।संगठन की ओर से किए गए इस सांकेतिक विरोध को आगामी आंदोलन की शुरुआत माना जा रहा है। प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर कर्मचारियों ने पहले चरण में काली पट्टी बांधकर विरोध जताया और अपनी मांगों के समर्थन में संगठन के साथ खड़े रहने का संदेश दिया।



