खेलउत्तर प्रदेश

शाहजहांपुर की बेटी खुशी चौधरी ने तुर्किये में जीता गोल्ड, ईरान की पहलवान को दी मात

शाहजहांपुर। जैतीपुर क्षेत्र के अगरोली गांव की रहने वाली पहलवान खुशी चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। तुर्किये के इस्तांबुल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में खुशी ने ईरान की पहलवान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। खुशी की इस उपलब्धि की खबर गांव पहुंचते ही परिवार और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके पिता रामफल चौधरी ने बेटी की सफलता पर खुशी जताते हुए लोगों को मिठाई खिलाई।

2018 से शुरू किया कुश्ती का सफर

खुशी बचपन से ही खेलकूद में रुचि रखती थीं। उनके पिता ने वर्ष 2018 में हरियाणा के साई सेंटर में उन्हें कुश्ती प्रशिक्षण के लिए भेजा, जहां उन्होंने अंतरराष्ट्रीय पहलवान गीता फोगाट और बबीता फोगाट से कुश्ती के गुर सीखे। पिछले करीब तीन वर्षों से वह कोच राजेश के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रही हैं। खुशी ने 24 अगस्त को हरिद्वार में आयोजित नेशनल चैंपियनशिप के 64 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर तुर्किये में होने वाली प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई थी। इसके बाद इस्तांबुल में उन्होंने फाइनल मुकाबला जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल हासिल किया।

पिता भी रहे हैं पहलवान

खुशी के पिता रामफल चौधरी मूल रूप से हरियाणा के जींद जिले के रहने वाले हैं और युवावस्था में कुश्ती करते थे। वर्ष 1998 में वह परिवार के साथ शाहजहांपुर के अगरोली गांव में आकर बस गए। उन्होंने अपने बच्चों को खेलों के लिए लगातार प्रेरित किया। खुशी चौधरी की इस कामयाबी से परिवार, अगरोली गांव, जैतीपुर क्षेत्र और पूरे शाहजहांपुर में खुशी का माहौल है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वर्ण पदक जीतने वाली खुशी को क्षेत्रवासियों की ओर से बधाई और शुभकामनाएं दी जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button