शिवा शर्मा हत्याकांड: मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे नागपुर से गिरफ्तार, बहन और एक अन्य आरोपी भी पकड़े गए

लखनऊ। शिवा शर्मा हत्याकांड में वांछित मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे को विशेष कार्यबल (एसटीएफ) और लखनऊ पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। उस पर ₹50,000 का इनाम घोषित था। पुलिस ने श्रद्धा दुबे के साथ उसकी बहन रश्मि दुबे और आरोपी आदिल को भी गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तारी से बचने के लिए बदले कई ठिकाने
उत्तर प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश के अनुसार, श्रद्धा दुबे ने गिरफ्तारी से बचने के लिए बेहद सतर्कता बरती और लगभग पेशेवर अपराधियों की तरह अपनी गतिविधियां संचालित कीं। उसने सबसे पहले अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी भारत में छोड़ी और नेपाल पहुंच गई। इसके बाद वह गुप्त रूप से उत्तर प्रदेश लौट आई, ताकि पुलिस को यही भ्रम बना रहे कि वह नेपाल में छिपी हुई है।पुलिस के अनुसार, श्रद्धा इसके बाद लखनऊ आई और एक समाचार चैनल को वक्तव्य देने के तुरंत बाद प्रदेश से बाहर निकल गई। इस दौरान वह लगातार अपने ठिकाने बदलती रही।
बुर्के में सफर, छोटे होटलों में ठहराव
जांच एजेंसियों के मुताबिक, श्रद्धा दुबे पहचान छिपाने के लिए लगातार बुर्का पहनकर यात्रा करती थी। वह ऐसे छोटे होटलों में ठहरती थी, जहां उसकी पहचान उजागर होने की आशंका कम रहती थी। मोबाइल फोन और संचार के अन्य साधनों का भी वह बेहद सीमित उपयोग करती थी। बताया गया है कि वह बातचीत के लिए फेसटाइम का सहारा लेती थी।
पुलिस से 10 से 12 घंटे आगे निकल जाती थी
अपर पुलिस महानिदेशक अमिताभ यश के अनुसार, श्रद्धा दुबे लगातार अपना ठिकाना और यात्रा के साधन बदलती रहती थी। वह ऑटो रिक्शा और टैक्सियों से सफर करती तथा रास्ते में वाहन बदल लेती थी, जिससे उसकी गतिविधियों का पता लगाना पुलिस के लिए कठिन हो जाता था।पुलिस जब तक किसी संभावित ठिकाने पर पहुंचती, उससे पहले ही वह वहां से निकल चुकी होती थी। अधिकारियों के मुताबिक, वह कई बार पुलिस से 10 से 12 घंटे आगे निकल जाती थी।लगातार ठिकाने बदलने, पहचान छिपाने और संचार के सीमित इस्तेमाल के कारण पुलिस को उसकी तलाश में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार एसटीएफ और लखनऊ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे नागपुर से गिरफ्तार कर लिया।



