32 साल में पांचवीं बार बदला भदोही का नाम, अब ‘संत रविदास नगर भदोही’ होगी जिले की पहचान

भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के नाम को लेकर एक बार फिर बदलाव की घोषणा हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो के दौरान कहा कि अब जिले को ‘संत रविदास नगर भदोही’ के नाम से जाना जाएगा। इस नए नाम में संत रविदास की पहचान के साथ भदोही नाम को भी बरकरार रखा गया है।मुख्यमंत्री इससे पहले 29 जुलाई 2026 को वाराणसी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भदोही का नाम ‘संत रविदास नगर’ किए जाने की घोषणा कर चुके थे। रविवार को उन्होंने नए नाम ‘संत रविदास नगर भदोही’ को लेकर स्थिति स्पष्ट की।
1994 में बना था अलग जिला
भदोही को 30 जून 1994 को तत्कालीन मुलायम सिंह यादव सरकार ने वाराणसी से अलग कर नया जिला बनाया था। इसके बाद जिले के नाम में कई बार बदलाव हुआ। 4 दिसंबर 1997 को मायावती सरकार ने इसका नाम बदलकर ‘संत रविदास नगर’ कर दिया था। हालांकि, वर्ष 2014 में अखिलेश यादव सरकार ने दोबारा इसका नाम ‘भदोही’ कर दिया।अब योगी सरकार ने दोनों नामों को एक साथ जोड़ते हुए ‘संत रविदास नगर भदोही’ नाम रखने की घोषणा की है। इस तरह करीब तीन दशक में जिले के नाम में पांचवीं बार बदलाव की स्थिति बनी है।
नाम के पीछे इतिहास और सामाजिक जुड़ाव
जिला प्रशासन के उपलब्ध ऐतिहासिक विवरण के अनुसार, ‘भदोही’ नाम का संबंध इस क्षेत्र में रहे भार राज्य और राजभर समुदाय से जोड़ा जाता है। वहीं संत रविदास का नाम दलित समाज में आस्था, सम्मान और सामाजिक चेतना का महत्वपूर्ण प्रतीक माना जाता है।नए नाम को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है। एक ओर इसमें क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान को बनाए रखने का प्रयास नजर आता है, वहीं दूसरी ओर संत रविदास के नाम को शामिल किए जाने को सामाजिक समीकरणों से जोड़कर भी देखा जा रहा है।



