स्मार्ट मीटर से मीटर रीडर्स के रोजगार पर संकट, समायोजन की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

जलालाबाद में विनय शर्मा ने मुख्यमंत्री के नाम दिया ज्ञापन, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का विवरण दर्ज कर समायोजित करने की उठाई मांग
शाहजहांपुर। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद विद्युत विभाग में वर्षों से कार्यरत मीटर रीडर्स के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। इस समस्या के समाधान और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए जलालाबाद के विद्युत संविदा मीटर रीडिंग कर्मी एवं समाजसेवी विनय शर्मा ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को समायोजित किए जाने की मांग की।तहसील अध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि विद्युत विभाग में लंबे समय से सेवाएं दे रहे मीटर रीडर्स का विवरण आउटसोर्सिंग सेवा निगम में दर्ज कराया जाए, ताकि उन्हें समायोजित कर रोजगार से जोड़ा जा सके।ज्ञापन में कहा गया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के कारण पारंपरिक मीटर रीडिंग का कार्य प्रभावित हो रहा है। इससे लंबे समय से इस कार्य में लगे कर्मचारियों की आजीविका पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। रोजगार प्रभावित होने से उनके परिवारों के सामने आर्थिक कठिनाइयां भी उत्पन्न हो सकती हैं।कर्मचारियों ने मांग की कि उनके हितों को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं और विवरण दर्ज करने के साथ समायोजन की प्रक्रिया पूरी कराई जाए। इससे वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को राहत मिल सकेगी और उनके परिवारों की आजीविका सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।इस अवसर पर जसवीर, गोविंद सिंह, गोविंद शर्मा, डब्ल्यू यादव, जीत सिंह, शहजाद, अनुज, आरिफ, सचिन, रामनिवास, शाद, बहिद, रेहान, जितिन, खुशनूद, अमित शर्मा, अमितेश गौहर, लतीफ, रजनीश, पंकज कुमार, गोविंद यादव सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।




