अपराधउत्तर प्रदेशताजा खबरेंराजनीति

कांट नगर पंचायत अध्यक्ष मुनारा बेगम पद से हटाईं गईं

बोर्ड की पांच बैठकों में खुद मौजूद न रहने और प्रतिनिधि के माध्यम से शामिल होने का मामला साबित, शासन ने धारा 48 के तहत की कार्रवाई

शाहजहांपुर। कांट नगर पंचायत की अध्यक्ष मुनारा बेगम को शासन ने पद से हटा दिया है। नगर पंचायत बोर्ड की बैठकों में अध्यक्ष की व्यक्तिगत मौजूदगी के बजाय उनके प्रतिनिधि रईस मियां द्वारा मोबाइल के माध्यम से ऑडियो-वीडियो कॉल से भाग लेने का आरोप जांच में सही पाया गया। नगर विकास अनुभाग-1 ने छह अक्टूबर को इस संबंध में आदेश जारी किया।शासन के आदेश के अनुसार, नगर पंचायत बोर्ड की बैठकें 27 फरवरी 2024, 3 सितंबर 2024, 23 नवंबर 2024, 27 जनवरी 2025 और 7 अप्रैल 2025 को आयोजित हुई थीं। आरोप है कि इन सभी बैठकों में मुनारा बेगम स्वयं उपस्थित नहीं हुईं और उनके प्रतिनिधि ने मोबाइल पर ऑडियो-वीडियो कॉल के जरिए उनकी ओर से भागीदारी की।जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम में अध्यक्ष की जगह किसी प्रतिनिधि को बोर्ड बैठक में शामिल होने की अनुमति नहीं है। जिलाधिकारी शाहजहांपुर की ओर से कराई गई जांच तथा इसके लिए गठित समितियों की रिपोर्ट में भी आरोपों की पुष्टि हुई।

स्वास्थ्य खराब होने का दिया था हवाला

शासन के समक्ष अपने पक्ष में मुनारा बेगम ने स्वास्थ्य खराब होने और अस्पताल में भर्ती होने के कारण बैठकों में शामिल नहीं हो पाने की बात कही थी। उन्होंने भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं होने का शपथ पत्र भी दिया था। हालांकि, शासन ने अध्यक्ष के स्थान पर प्रतिनिधि के जरिए बोर्ड बैठकों में भागीदारी को उनके वैधानिक दायित्वों के निर्वहन में गंभीर चूक माना।इसे शासनादेश और उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम-1916 के प्रावधानों का उल्लंघन मानते हुए शासन ने धारा 48 के तहत पद से हटाने की कार्रवाई की है।

पहले भी लग चुकी थी अधिकारों पर रोक

इस मामले में जुलाई 2025 में मुनारा बेगम के वित्तीय और प्रशासनिक अधिकारों पर रोक लगाई गई थी। बाद में उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई निरस्त कर मामले की दोबारा जांच कराई गई।शासन की ओर से सुनवाई के लिए तीन तिथियां तय की गई थीं, लेकिन मुनारा बेगम ने स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए सुनवाई में उपस्थित होने में असमर्थता जताई।शासन ने कार्रवाई के आदेश की प्रतियां राज्य निर्वाचन आयोग, नगर निकाय निदेशालय, जिलाधिकारी शाहजहांपुर और नगर पंचायत कांट के अधिशासी अधिकारी को भेज दी हैं। जिलाधिकारी को आदेश की प्रति मुनारा बेगम को तामील कराने और इसकी अनुपालन आख्या शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button