मस्जिद में बैटरा बदलने को लेकर विवाद, घर में घुसकर मारपीट का आरोप
देवरनियां, बरेली। थाना देवरनियां क्षेत्र के गांव गिरधरपुर में मस्जिद का बैटरा बदलने को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति ने कई लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले में कानूनी कार्रवाई के लिए शिकायत दर्ज कर चुकी है।
गांव निवासी जाबिर अली पुत्र अब्दुल कादर के अनुसार, गांव की अंसारी वाली मस्जिद में लगे पुराने बैटरे को बदलने को लेकर 16 अक्टूबर 2026 को चर्चा हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने मस्जिद में गाली-गलौज की। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था।
पीड़ित का आरोप है कि 18 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब दो बजे पांच नामजद लोगों और 10 अज्ञात महिलाओं समेत अन्य लोग लाठी-डंडे व धारदार हथियार लेकर उसके घर में घुस आए। आरोप है कि आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और घर की महिलाओं के साथ भी हाथापाई की।
पीड़ित के मुताबिक, घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें बचाया। आरोप है कि जाते समय हमलावर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। मारपीट में उसे चोटें आई हैं।
पीड़ित ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।



