हरदोई में चलती ई-रिक्शा पर गिरा विशाल इमली का पेड़, कई यात्री घायल

हरदोई। टड़ियावां–हरदोई मार्ग पर उनौती गांव के मोड़ के पास एक विशाल इमली का पेड़ अचानक चलती ई-रिक्शा पर गिर पड़ा। हादसे में ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्री अंदर फंस गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद यात्रियों को बाहर निकाला।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा में चार से पांच यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे खड़ा इमली का पेड़ काफी पुराना और अंदर से खोखला था। पेड़ गिरने से वाहन दब गया। ग्रामीणों ने टहनियां हटाकर यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए हरदोई जिला अस्पताल पहुंचाए जाने की जानकारी है। उनकी स्थिति के संबंध में आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।हादसे के बाद सड़क किनारे खड़े जर्जर पेड़ों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि संबंधित पेड़ लंबे समय से सूखा था। ऐसे में लोक निर्माण विभाग और वन विभाग की ओर से समय रहते निरीक्षण किए जाने तथा संभावित खतरे को दूर करने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।ग्रामीणों ने मांग की है कि टड़ियावां–हरदोई मार्ग सहित अन्य सड़कों के किनारे खड़े सूखे और कमजोर पेड़ों का सर्वेक्षण कराया जाए तथा दुर्घटना की आशंका वाले पेड़ों को हटाने या उनकी आवश्यक छंटाई की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।



