ताजा खबरेंउत्तर प्रदेश

जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा ढकिया तिवारी, पुष्प वर्षा और गुलाल से मना राम जन्मोत्सव

कथा पंडाल में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, श्रीराम जन्म प्रसंग सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु

संवाददाता -: विपिन सिंह निगोही

निगोही/शाहजहांपुर।विकासखंड निगोही की ग्राम पंचायत ढकिया तिवारी में आयोजित श्रीराम कथा एवं राष्ट्रकथा महोत्सव के चौथे दिन भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव की धूम रही। कथा व्यास दंडी स्वामी श्री विनोदानंद जी महाराज के मुखारविंद से जैसे ही प्रभु श्रीराम के जन्म का पावन प्रसंग सुनाया गया, पूरा कथा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा और गुलाल उड़ाकर राम जन्मोत्सव को भव्य एवं भक्तिमय बना दिया। चारों ओर भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक आनंद की अविरल धारा बहती नजर आई।

भगवान श्रीराम के जन्म का प्रसंग सुनते ही श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। भक्तों ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ प्रभु के आगमन की खुशियां मनाईं। फूलों की वर्षा और उड़ते गुलाल के बीच पूरा कथा स्थल मानो अयोध्या धाम की छटा बिखेरने लगा। वातावरण में गूंजते भजन, जयकारे और श्रद्धालुओं की उमंग ने महोत्सव की भव्यता को और बढ़ा दिया।

कथा व्यास दंडी स्वामी श्री विनोदानंद जी महाराज ने भगवान श्रीराम के जन्म की महिमा का वर्णन करते हुए उनके आदर्श जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन सत्य, धर्म, त्याग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर समाज में प्रेम, सद्भाव और संस्कारों की स्थापना की जा सकती है।

महाराज जी के श्रीमुख से कथा श्रवण कर श्रद्धालु प्रभु श्रीराम की भक्ति में लीन नजर आए। राम जन्मोत्सव के इस पावन प्रसंग ने पूरे वातावरण को राममय कर दिया। ढकिया तिवारी में आयोजित श्रीराम कथा एवं राष्ट्रकथा महोत्सव धार्मिक आस्था, आध्यात्मिक चेतना और भक्ति का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button