लखनऊ में झाड़ियों में मिला 25 वर्षीय युवती का शव, बहन पर अपहरण करवाने का आरोप

मरने से पहले भाई-बहन को WhatsApp पर भेजा मैसेज, हत्या के बाद शव फेंकने की आशंका; पुलिस ने दर्ज किया केस
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र में आउटर रिंग रोड की सर्विस लेन के किनारे झाड़ियों में एक 25 वर्षीय युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान उन्नाव जिले के सफीपुर निवासी आशिया उर्फ नरगिस उर्फ टीना के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, युवती की हत्या किसी दूसरी जगह पर किए जाने की आशंका है। इसके बाद सबूत मिटाने के इरादे से शव को सैदपुर गांव के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया।
भाई-बहन को भेजा था आखिरी मैसेज
इस मामले में सबसे अहम बात यह सामने आई है कि आशिया ने मरने से ठीक पहले अपने भाई और बहन को WhatsApp पर मैसेज भेजा था। बताया जा रहा है कि मैसेज में उसने अपनी मझली बहन शाहीन पर अपहरण करवाने का आरोप लगाया था। इस संदेश के सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। हालांकि, इस आरोप की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
दस्तावेजों से हुई मृतका की पहचान
जानकारी के मुताबिक, दुबग्गा थाना क्षेत्र में आउटर रिंग रोड की सर्विस लेन के किनारे झाड़ियों में युवती का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतका की पहचान आशिया के रूप में की गई।पुलिस के अनुसार, आशंका है कि युवती की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को सैदपुर गांव के पास फेंक दिया गया, ताकि अपराध के सबूत मिटाए जा सकें। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हत्या का मुकदमा दर्ज, जांच शुरू
पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती के आखिरी WhatsApp संदेश, उसमें लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल मामले में किसी आरोपी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।




