मनोरंजनअपराधदेश

दिल्ली HC से फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा को बड़ी राहत, रेप केस में जमानत का आदेश

नई दिल्ली: फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा को दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने उनके खिलाफ दर्ज रेप मामले में उन्हें जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है। मामले की सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता महिला ने अदालत में हलफनामा दाखिल कर अपनी पूर्व शिकायत को गलत बताते हुए कहा कि वह सनोज मिश्रा के साथ सहमति से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
महिला ने अदालत को बताया कि उसने सनोज मिश्रा के खिलाफ शिकायत कथित तौर पर उनके विरोधियों के प्रभाव में आकर दर्ज कराई थी। वहीं, मिश्रा लगातार अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार करते रहे हैं और उनका कहना था कि दोनों के बीच संबंध सहमति से थे।

निजी स्वतंत्रता को ध्यान में रखते हुए हुई सुनवाई

इस मामले की सुनवाई दिल्ली हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति गिरिश कथपालिया की अध्यक्षता वाली विशेष पीठ ने की। रिपोर्ट के मुताबिक, कोर्ट ने आरोपी की व्यक्तिगत स्वतंत्रता को ध्यान में रखते हुए मामले की सुनवाई की।

30 मार्च को हुई थी गिरफ्तारी

सनोज मिश्रा को 30 मार्च को भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया था। इनमें धारा 376, 354C, 313, 323 और 506 शामिल थीं। पुलिस की ओर से लगाए गए आरोपों में महिला का कथित यौन शोषण, ब्लैकमेल और अन्य गंभीर आरोप शामिल थे।हालांकि, सनोज मिश्रा ने इन सभी आरोपों को गलत बताया था। उनका पक्ष था कि महिला के साथ उनका संबंध आपसी सहमति पर आधारित था और दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।

शिकायत को लेकर महिला ने कोर्ट में क्या कहा?

सुनवाई के दौरान महिला की ओर से दाखिल हलफनामे में कहा गया कि उसके और सनोज मिश्रा के बीच सहमति से संबंध थे। महिला ने यह भी दावा किया कि उसके द्वारा पहले दर्ज कराई गई शिकायत कुछ लोगों के प्रभाव में आकर की गई थी।अदालत के समक्ष पेश स्टेटस रिपोर्ट में भी अभियोजन पक्ष की ओर से मामले की मौजूदा स्थिति के संबंध में जानकारी रखी गई।

कोर्ट ने झूठी शिकायतों को लेकर जताई चिंता

सुनवाई के दौरान दिल्ली हाई कोर्ट ने कथित झूठी यौन उत्पीड़न शिकायतों के व्यापक प्रभाव पर भी टिप्पणी की। अदालत ने कहा कि इस तरह की शिकायतों से आरोपी को गंभीर नुकसान हो सकता है और समाज में अविश्वास का माहौल पैदा हो सकता है।कोर्ट ने यह भी रेखांकित किया कि ऐसी स्थिति का असर वास्तविक पीड़ितों पर भी पड़ सकता है, क्योंकि झूठी शिकायतों के मामलों के कारण उनकी शिकायतों को लेकर भी संदेह पैदा होने की आशंका रहती है।अदालत ने ऐसी झूठी शिकायतों से सख्ती से निपटने की आवश्यकता पर जोर दिया। मामले में कोर्ट के आदेश के बाद फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा को जमानत पर रिहाई का रास्ता साफ हो गया।

Related Articles

Back to top button