मिशन शक्ति अभियान के तहत निगोही पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक
बाल विवाह के दुष्परिणामों से कराया अवगत, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
निगोही से विपिन सिंह की रिपोर्ट
निगोही। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत निगोही पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने ग्राम ढकिया तिवारी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा के उपायों तथा शासन की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया। इस दौरान बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्परिणामों को वीडियो के माध्यम से समझाते हुए इसके उन्मूलन में सहयोग करने की अपील की गई।पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम में मिशन शक्ति टीम ने बताया कि बाल विवाह बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में बाधा उत्पन्न करता है। इससे उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। टीम ने ग्रामीणों से बाल विवाह रोकने तथा बालिकाओं को शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, छेड़छाड़ या संकट की स्थिति में भयभीत होकर चुप न रहें, बल्कि पुलिस और संबंधित सहायता सेवाओं से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
महिला सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को आवश्यकता के अनुसार सहायता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें 1090 महिला पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन तथा 1930 साइबर वित्तीय धोखाधड़ी हेल्पलाइन शामिल हैं। टीम ने इन नंबरों के उपयोग और आपात परिस्थितियों में तत्काल सहायता लेने के बारे में भी समझाया।कार्यक्रम में प्रभारी शिक्षक थाना निगोही राजीव तोमर, उपनिरीक्षक नरेश कुमार सहित मिशन शक्ति केंद्र की पुलिसकर्मी उपस्थित रहीं। पुलिस टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि वे बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाएं और महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक तथा भयमुक्त वातावरण बनाने में सहयोग करें।




