खंडहर में चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

शाहजहांपुर। निगोही थाना पुलिस ने ग्राम भटपुरा मिश्र और मिलकिया के बीच खंडहर में चल रही अवैध शस्त्र निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से पांच अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, एक अधबना तमंचा, नाल, तमंचे की दो बॉडी, तीन मोबाइल फोन समेत शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के करीब दो बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने खंडहर में छापा मारा। मौके से संतोष पुत्र रामलाल निवासी भटपुरा मिश्र और अनिल सिंह पुत्र गंगा सिंह निवासी घनश्यामपुर को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान चार 315 बोर और एक 12 बोर के तमंचे तथा दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे कबाड़ी की दुकानों और आरा मशीनों से सामान जुटाकर सुनसान स्थानों पर अवैध तमंचे तैयार करते थे। इसके बाद तैयार तमंचों को होटल और ढाबों पर रुकने वाले ट्रक चालकों के माध्यम से करीब तीन से पांच हजार रुपये में बेचते थे।पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित संतोष के खिलाफ पूर्व में भी आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।


