ठंडक ने दी दस्तक, दूसरी बार बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की बढ़ी चिंता

दस दिन पहले हुई बारिश में फसलें हुई थीं बर्बाद, प्रशासन ने किया था सर्वे; अब फिर मौसम की मार
बरेली संवाददाता। क्षेत्र में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। कल रात से हो रही लगातार बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। करीब दस दिन पहले हुई बारिश में पहले ही किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा था। प्रभावित फसलों का प्रशासन और सरकार की ओर से सर्वे भी कराया गया था, लेकिन अब दूसरी बार हुई बारिश ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।पहली बारिश से हुए नुकसान से किसान अभी उबर भी नहीं पाए थे कि दोबारा मौसम खराब होने से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने लगा है। तेज हवाओं और ओलावृष्टि से कई जगह फसलें खेतों में गिर गई हैं। लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भरने से भी फसलों के खराब होने की आशंका बढ़ गई है।किसानों का कहना है कि एक तरफ पहले हुए नुकसान का सर्वे होने के बाद राहत की उम्मीद थी, वहीं दूसरी बार मौसम की मार ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। किसानों की मांग है कि दूसरी बार हुए फसल नुकसान का भी तत्काल सर्वे कराया जाए और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए।वहीं, अचानक बढ़ी ठंडक और खराब मौसम से आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। बारिश और तेज हवाओं के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की निगाहें अब प्रशासन की ओर हैं कि दूसरी बार हुए नुकसान का आकलन कर उन्हें जल्द राहत उपलब्ध कराई जाती है या नहीं।



